*पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवक पर जानलेवा हमला,कई महिलाएं घायल*
“दोनों पक्षों ने थाने में दी तहरीर,पुलिस कर रही जांच”
जसवंतनगर। नगर के मोहल्ला लुधपुरा में मंगलवार को एक पारिवारिक विवाद ने उग्र और हिंसक रूप ले लिया। बहन को मायके ले जाने आए युवक और उसके परिजनों पर ससुराल पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना में दोनों पक्षों की कई महिलाएं भी घायल हुई हैं। मामले में दोनों पक्षों ने थाने में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।
पहले पक्ष के अनुसार, विजय पुत्र धर्मवीर सिंह, निवासी जरार, तहसील बाह, जिला आगरा, अपनी बहन भावना पत्नी विपिन कुमार को लेने जसवंतनगर आया था। विजय का आरोप है कि मोहल्ला लुधपुरा में विपिन कुमार, आकाश कुमार और 6–7 अज्ञात लोगों ने उसे रास्ते में घेर लिया और गाली-गलौज कर लाठी, डंडा, कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव करने आई भाभी रूबी देवी, पत्नी गीता देवी और बहन भावना को भी बुरी तरह पीटा गया।
वहीं दूसरे पक्ष की रीनू, नंदिनी और सुनीता देवी का कहना है कि भावना और उसके पति विपिन कुमार के बीच सोमवार रात विवाद हुआ था। भावना की सूचना पर मंगलवार दोपहर भावना के मायके से विजय, हेमेन्द्र प्रताप और अन्य 7–8 लोग उनके घर पहुंचे और महिलाओं से मारपीट की। तीनों महिलाएं घायल होकर सीएचसी में भर्ती कराई गईं।

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
रिपोर्ट सुबोध पाठक जसवंतनगर
C Times Etawah Online News Portal